चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हुआ. प्लांट में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के स्ट्रक्चर पर काम चल रहा था, इसी दौरान दुर्घटना हो गई. कई कर्मचारी करीब 50 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गए. हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसा प्लांट के सीएचपी-जेएच-1 लोकेशन पर हुआ.
बता दें, कन्वेयर बेल्ट के निर्माण कार्य में थायसन कंपनी मुख्य ठेकेदार के रूप में जुड़ी थी, जबकि सिंपलेक्स कंपनी पेटी ठेकेदार के तौर पर काम करा रही थी.
इस घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है. हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री ने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
Also Read : Breaking टंडवा में NTPC का काम कर रहे 5 कर्मी की मौत, कन्वेनर बेल्ट का चल रहा था काम

