जोहार लाइव ब्यूरो
जमशेदपुर: टाटा स्टील के आदिवासी संवाद कार्यक्रम ‘संवाद 2026’ में झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर झारखंड में आक्रोश है. घटना के बाद कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने इसकी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
मंगलवार शाम जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं और युवतियों ने सूर्य सिंह बेसरा को घेरकर उनके साथ मारपीट की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान उनके बाल भी खींचे गए. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग किया. घटना में घायल बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया. उनके सीने के निचले हिस्से में चोट लगने की जानकारी सामने आई है.
हालांकि, घटना के बाद दूसरे पक्ष की एक युवती ने भी सूर्य सिंह बेसरा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. युवती और उसके परिजनों ने थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखा. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
झारखंड आंदोलनकारी दयामनी बारला ने घटना को दुखद और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा, “जिनके बदौलत आज यह झारखंड बना, उनके साथ झूठे आरोप लगाकर हमला किया जाना ठीक नहीं है. इस घटना की जांच होनी चाहिए और जो लोग इसमें शामिल हैं, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए.”
वहीं, झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा पर हमले की बात सुनकर उन्हें हैरानी हो रही है. उन्होंने कहा, “मुझे तो यह सुनकर ही अजीब लग रहा है कि कोई उन पर हमला कैसे कर सकता है. वह अभी 75 साल के हैं. उन पर इस तरह के आरोप लगाया जाना समझ से परे है. किसी प्रकार की गलतफहमी हुई होगी या किसी का पर्सनल एजेंडा हो सकता है. मारपीट किया जाना बिल्कुल भी सही नहीं है.”
इसके अलावा बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कहा कि जिस व्यक्ति ने अपना पूरा जीवन झारखंड आंदोलन में लगा दिया, उसके साथ इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा ने झारखंड के अलग राज्य की मांग को लेकर बिहार विधानसभा से इस्तीफा दिया था. उनके साथ मारपीट सिर्फ उनका अपमान नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का अपमान है.
अशोक बड़ाईक ने कहा कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और घटना में शामिल लोगों के साथ-साथ आयोजकों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए.
Also Read : झारखंड : देवघर को मिलेगी 49 किमी लंबे बाईपास की सौगात, जमीन अधिग्रहण की अंतिम अधिसूचना जारी

