जोहार लाइव ब्यूरो
जामताड़ा : नगर पंचायत के द्वारा करीब एक करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराए गए तालाब पर भूमि माफियाओं ने कब्जा जमा लिया है. वार्ड नंबर 12 के गायछांद में जीर्णोद्धार कराए गए तालाब पर कथित रूप से अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि भू-माफियाओं और दबंगों ने तालाब के चारों ओर ईंट की दीवार खड़ी कर उसे घेर लिया है. इस मामले का खुलासा मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2022-23 में 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत वार्ड नंबर 12 स्थित गायछांद के तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया था. इस कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, ताकि तालाब का संरक्षण हो सके और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके. लेकिन उन्हें लगातार आम लोगों से शिकायतें मिल रही थीं कि सार्वजनिक तालाब को कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया है. तालाब के चारों ओर ईंट की दीवार खड़ी कर घेराबंदी कर दी गई है.
अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक तालाब पर इस तरह का अतिक्रमण गंभीर मामला है. सरकारी राशि खर्च कर जिस तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया, यदि उसी पर अतिक्रमण हो जाता है तो यह आम जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है. मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है. साथ ही तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने और इस कार्य में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
जांच कराकर तालाब को कराया जाएगा अतिक्रमण मुक्त
वहीं, इस संबंध में नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडैत ने बताया कि वार्ड नंबर 12 में तालाब के जीर्णोद्धार और उसके बाद घेराबंदी किए जाने का मामला उनके संज्ञान में आया है. सार्वजनिक तालाब की इस तरह घेराबंदी करना कानूनी रूप से गलत है.
उन्होंने कहा कि मामला करीब दो वर्ष पुराना है. इसकी जांच कराने की तैयारी की जा रही है. जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी और तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा. अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन और जिला प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और सरकारी राशि से विकसित सार्वजनिक तालाब को कब तक अतिक्रमण मुक्त कराया जाता है.
Also Read : झारखंड : JPSC-JSSC परीक्षा विवादों के बीच फिर आंदोलन की तैयारी, 22 नवंबर को हजारीबाग में जुटेंगे छात्र

