रांची : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नियुक्तियों को लेकर जारी विवादों के बीच छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज करने की तैयारी है. JPSC-JSSC REFORM मंच ने 22 नवंबर को हजारीबाग के गांधी मैदान में छात्र महापंचायत बुलायी है. मंच का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार, आगामी नियुक्तियों का स्पष्ट रोडमैप, लंबित नियुक्तियों को समय पर पूरा करने और न्यायालय में चल रहे मामलों में छात्रों के हितों की प्रभावी पैरवी जैसे मुद्दों पर अब राज्यव्यापी आंदोलन की जरूरत है. हजारीबाग से शुरू होने वाली यह महापंचायत राज्य के सभी पांचों प्रमंडलों में आयोजित की जाएगी.
मंच के वर्किंग ग्रुप की 16 नवंबर को हुई बैठक में इन मुद्दों के साथ आंदोलन की अगली रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक के बाद प्रवक्ता रविन्द्र पासवान और पीयूष कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लाखों अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है. लंबे समय से परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रियाओं में अनिश्चितता, देरी और विवाद बने हुए हैं, लेकिन परीक्षा सुधार और आगामी भर्तियों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.
परीक्षा सुधार और नियुक्तियों पर सरकार से जवाब मांगेगा मंच
रविन्द्र पासवान ने कहा कि झारखंड के छात्र लंबे समय से पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया और नियमित भर्ती कैलेंडर की मांग कर रहे हैं. इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आया है. बार-बार परीक्षा विवाद और नियुक्तियों में देरी से अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और व्यवस्था के प्रति उनका भरोसा कमजोर पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग की छात्र महापंचायत में अभ्यर्थी अपनी समस्याएं और मांगें रखेंगे. इसके साथ ही यह तय किया जाएगा कि आंदोलन 2.0 को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए और सरकार पर दबाव बनाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएं.
पांचों प्रमंडलों में होगी महापंचायत, छात्र संसद बुलाने की भी तैयारी
मंच के प्रवक्ता पीयूष कुमार सिंह ने न्यायालय में चल रही कानूनी लड़ाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अदालत में छात्रों के हितों का पक्ष मजबूती से नहीं रख रही है. दूसरी तरफ नियुक्ति प्रक्रियाएं लंबित हैं और अभ्यर्थियों को लगातार अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग से शुरू होने वाली छात्र महापंचायत राज्य के पांचों प्रमंडलों में आयोजित की जाएगी. इसके जरिए अलग-अलग क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाकर उनकी मांगों को संगठित किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर छात्र संसद भी बुलाई जाएगी और आंदोलन 2.0 के तहत चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा.
मंच ने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से 22 नवंबर को हजारीबाग पहुंचकर महापंचायत में भाग लेने की अपील की है.

