रांची: झारखंड में कांग्रेस 26 नवंबर को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत रांची में ‘वोट रक्षा मार्च’ निकालेगी. इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन, रांची में बैठक हुई. इसमें पार्टी के अग्रणी संगठनों, मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों, चेयरमैन, मुख्य संगठकों एवं संयोजकों ने हिस्सा लिया.
बैठक में मार्च की रूपरेखा, तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष ने सभी संगठनों और विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया.
मताधिकार की सुरक्षा जरूरी
केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है. वोट केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज और लोकतांत्रिक अधिकारों की बुनियाद है. कांग्रेस मतदाता सूची की पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक योग्य नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर का ‘वोट रक्षा मार्च’ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा.
मौके पर सोमनाथ मुंडा, कुमार राजा, दयामणि बरला, शांतनु मिश्रा, रियाज अहमद, अजहर पप्पू, मंजूर अंसारी, आदित्य विक्रम जायसवाल, निशांत जायसवाल, आफताब आलम, हृदय आनंद यादव, तपेश्वर नाथ मिश्रा, डॉ. प्रसाद पासवान और शाहबाज अहमद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
Also Read : थाला का आखिरी हेलिकॉप्टर शॉट : IPL से संन्यास, अब डगआउट से चलाएंगे CSK की बाजी

