Patna : पटना जिले के बिहटा प्रखंड अंतर्गत सदीसोपुर ग्राम पंचायत में नए सामुदायिक भवन और सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने किया। पंचायत में पहली बार मंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों ने जेसीबी से फूल बरसाकर और महिलाओं ने स्वागत गीत गाकर उनका अभिनंदन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में बिहार के युवाओं को एक करोड़ से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसी कड़ी में पंचायत स्तर पर सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है।
मंत्री ने सदीसोपुर पंचायत की मुखिया दीक्षा प्रियदर्शी द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यदि राज्य की सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि इसी तरह विकास कार्य करें, तो बिहार निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। विशेष रूप से पुस्तकालय की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंचायती राज विभाग में लगभग 13 हजार रिक्त पद हैं, जिनकी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शिवजन्म राम, स्थानीय प्रतिनिधि कवि कुशवाहा, मुखिया दीक्षा प्रियदर्शी, विभाग के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Also Read : पलामू में ढह गया कच्चा मकान, पति-पत्नी समेत तीन घायल


