राँची: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए राँची पुलिस ने रूट प्लान और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया. 14 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक यातायात ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, रूट व्यवस्था और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही, दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरी बिंदुओं पर विचार किया गया. संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
राँची पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है.

