Palamu : पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। सुबह करीब छह बजे एक कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान हबीब खान, उनकी पत्नी यासमीन बीबी और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत निजी वाहन से सभी घायलों को हैदरनगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार यासमीन बीबी की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य दो को भी गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हबीब खान बेहद गरीब हैं और उनका मकान मिट्टी का व पुराना था। मकान की जर्जर हालत के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि हबीब खान ने कई बार अबुआ आवास योजना के तहत आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर प्रखंड और अंचल प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद अब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
Also Read : धनबाद में सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला, हजारों लोग हुए शामिल


