Patna : बिहार में जनता दल (यू) द्वारा 24 जनवरी को भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस बारे में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को जानकारी दी।
व्यापक स्तर पर चल रही तैयारी
उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जयंती समारोह आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम के सुचारू और प्रभावी आयोजन के लिए जिलावार वरिष्ठ नेताओं की टीमें बनाई गई हैं। संबंधित जिलों के सांसद, विधायक और विधान पार्षद समारोह में मौजूद रहेंगे।
कर्पूरी ठाकुर के सिद्धांत आज भी प्रेरक
उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि जयंती के माध्यम से जननायक कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित-पिछड़े वर्गों के उत्थान के विचार जनता तक पहुंचाए जाएंगे। उनके सिद्धांत और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कर्पूरी ठाकुर द्वारा स्थापित सामाजिक न्याय की अवधारणा को सीएम नीतीश कुमार ने धरातल पर उतारा है। उनके नेतृत्व में बिहार ने सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
सीएम नीतीश करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
पटना ग्रामीण, पटना महानगर और बाढ़ संगठन जिलों का संयुक्त जयंती समारोह वीरचंद पटेल मार्ग स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार करेंगे।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला इकाइयों, प्रखंड इकाइयों और पार्टी के सभी प्रकोष्ठों से अपील की कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
Also Read : युवक की पत्थर से कूचकर ह’त्या, रेलवे लाइन किनारे झाड़ी में मिली ला’श


