New Delhi : कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A के हाईवोल्टेज मैच से पहले टीम इंडिया ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम शुक्रवार देर रात श्रीलंका पहुंची और अब पाकिस्तान के खिलाफ रविवार के मुकाबले के लिए कोलंबो में अभ्यास कर रही है।
नेट सेशन में नजर होगी अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर
टीम इंडिया शनिवार शाम को कोलंबो में नेट सेशन करेगी। इस दौरान खास नजर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर रहेगी। अभिषेक गुरुवार को पेट में दिक्कत की वजह से दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन टीम के साथ तीसरे ग्रुप A मैच के लिए कोलंबो गए हैं। नेट सेशन के बाद ही उनके खेलने या आराम करने का आखिरी फैसला लिया जाएगा।
अलग-अलग समय पर होगी दोनों टीमों की ट्रेनिंग
भारत और पाकिस्तान की टीमें शनिवार को अलग-अलग समय पर ट्रेनिंग करेंगी। पाकिस्तान दोपहर में प्रैक्टिस करेगा, जबकि भारत शाम को नेट सेशन में हिस्सा लेगा। दोनों टीमों को अपने अभ्यास से पहले मीडिया से बातचीत करने का भी शेड्यूल है।
मौसम भी बन सकता है विलेन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोलंबो में मैच के दिन बारिश की संभावना बनी हुई है। अगर बारिश हुई तो यह मुकाबले में बाधा डाल सकती है और प्लेइंग कंडीशन को प्रभावित कर सकती है।
मुकाबले की अहमियत
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा हाईवोल्टेज रहा है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह ग्रुप A का मैच भी किसी रोमांच से कम नहीं होगा। टीम इंडिया के लिए यह मैच जीतना जरूरी है ताकि क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की की जा सके।
Also Read : राधाकृष्ण किशोर 24 फरवरी को पेश करेंगे झारखंड का वार्षिक बजट

