Dhanbad : अब रेल सफर और तेज होने वाला है। धनबाद से पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलखंड पर 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी को लेकर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह बुधवार को इस रूट पर स्पीड ट्रायल करेंगे।
GM करेंगे स्पीड ट्रायल, ट्रैक की जांच
महाप्रबंधक डीडीयू से धनबाद तक विंडो ट्रेलिंग स्पीड ट्रायल करेंगे। इस दौरान ट्रैक में किए गए सुधार और सुरक्षा मानकों की जांच होगी। डीडीयू से गया तक डीडीयू के डीआरएम और गया से धनबाद तक धनबाद डीआरएम अखिलेश मिश्र भी उनके साथ रहेंगे। यह ट्रायल डीडीयू से प्रधानखंता तक प्रस्तावित है। इससे पहले जीएम पटना से डीडीयू रेलखंड का भी निरीक्षण करेंगे।
ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन पर फोकस
हावड़ा से नई दिल्ली के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना पर काम चल रहा है। इस रूट में झारखंड, बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन सबसे अहम माना जा रहा है। इसी सेक्शन को 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के ट्रायल के लिए चुना गया है।
पहले भी हो चुका है स्पीड टेस्ट
इससे पहले भी इस रूट पर स्पीड ट्रायल किया जा चुका है। पिछले साल अप्रैल में 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाई गई थी। उस दौरान धनबाद से डीडीयू की करीब 400 किमी दूरी ट्रेन ने 3 घंटे 55 मिनट में पूरी की थी। वहीं धनबाद से गया तक 200 किमी का सफर महज 1 घंटा 57 मिनट में तय हुआ था।
ट्रैक मजबूत करने का काम तेज
तेज रफ्तार ट्रेनों के लिए ट्रैक को भी मजबूत किया जा रहा है। ब्लास्ट क्लीनिंग मशीन से ट्रैक के नीचे और किनारों पर नए बोल्डर भरे जा रहे हैं। पुराने गिट्टी हटाकर नई भराई की जा रही है, ताकि ट्रैक ज्यादा स्पीड झेल सके।
छोटे स्टेशनों पर भी काम जारी
भूली, तेतुलमारी समेत कई छोटे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म को हाई लेवल किया जा रहा है। इससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में आसानी होगी और सेमी हाई स्पीड ट्रेनों के संचालन में भी मदद मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो आने वाले समय में धनबाद से डीडीयू के बीच सफर का समय काफी कम हो जाएगा। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों और लंबी दूरी के यात्रियों दोनों को राहत मिलेगी।
Also Read : झारखंड पर्यटन निगम में करोड़ों का घोटाला, ईडी ने खोली नई फाइल

