Bihar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज वे कैमूर और रोहतास जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां दोनों जिलों को मिलाकर करीब 689 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
कैमूर में करोड़ों की योजनाओं का शुभारंभ
कैमूर जिले में मुख्यमंत्री 47 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 162 करोड़ रुपये की लागत से 161 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इससे जिले में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रोहतास में भी विकास की बौछार
कैमूर के बाद मुख्यमंत्री रोहतास जिले का दौरा करेंगे। यहां 321 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का शिलान्यास और 159 करोड़ रुपये की लागत से 179 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कुल मिलाकर दोनों जिलों में विकास कार्यों को तेज करने पर जोर रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर जगह नजर
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
जीविका दीदियों से मुलाकात और जनसंवाद
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। साथ ही विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक भी करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेकर वे सीधे लोगों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
पहले जहानाबाद और अरवल का किया था दौरा
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहानाबाद और अरवल जिले में पहुंचे थे। वहां भी उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था। जनसंवाद के दौरान उन्होंने सरकार के काम गिनाए और पिछली सरकारों पर निशाना साधा।
Also Read : धनबाद-डीडीयू रेलखंड पर बढ़ेगी रफ्तार, सेमी हाई स्पीड ट्रेनों की तैयारी


