Ranchi : होली और डोल यात्रा के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष तैयारी की है। त्योहार के दौरान बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के अलावा तीन जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये स्पेशल ट्रेनें टाटानगर–बक्सर, रांची–झंझारपुर और सांतरागाछी–दरभंगा के बीच चलाई जाएंगी, जिससे झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
टाटा–बक्सर होली स्पेशल
ट्रेन संख्या 08183 टाटा–बक्सर होली स्पेशल 03 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को कुल पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन टाटानगर से शाम 5:10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:15 बजे बक्सर पहुंचेगी। वापसी में 08184 बक्सर–टाटा होली स्पेशल 04 मार्च 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन बक्सर से दोपहर 12:00 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे टाटा पहुंचेगी। यह ट्रेन पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
रांची–झंझारपुर के लिए भी खास व्यवस्था
इसी तरह, 08105 रांची–झंझारपुर होली स्पेशल 02 मार्च 2026 से 30 मार्च 2026 तक प्रत्येक सोमवार को पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रांची से रात 10:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 4:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में 08106 झंझारपुर–रांची होली स्पेशल 03 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी और झंझारपुर से शाम 6:00 बजे खुलकर अगले दिन दोपहर 12:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन का भी चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव होगा।
सांतरागाछी–दरभंगा के बीच भी स्पेशल ट्रेन
इसके अलावा 08109 सांतरागाछी–दरभंगा होली स्पेशल 03 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को कुल पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सुबह 7:30 बजे सांतरागाछी से प्रस्थान कर शाम 7:05 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में 08110 दरभंगा–सांतरागाछी होली स्पेशल मंगलवार को ही दरभंगा से रात 9:00 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रहेगा।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे के अनुसार, सभी स्पेशल ट्रेनों में साधारण द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। त्योहार के दौरान यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके, इसके लिए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है।
Also Read : डुमरी में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष का मिला अधजला श’व, इलाके में सनसनी


