दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पैतृक आवास पर रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने गिरिडीह जिले के हरसिंहरायडीह स्थित आवास पर सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया. इसके बाद शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है. यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार के योगदान और सेवाओं का सदैव स्मरण किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की. मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
सोनू को बड़े भाई की तरह मानते थे हेमंत
सुदिव्य कुमार के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर भी भावुक संदेश जारी किया था. उन्होंने कहा था कि देर रात अपने बड़े भाई और प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का दुखद समाचार मिला. इस खबर को स्वीकार कर पाना उनके लिए बेहद कठिन है.
हेमंत सोरेन ने कहा था कि सोनू भैया उनके लिए सिर्फ वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे, बल्कि बड़े भाई की तरह थे. वे स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले थे. उनके साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख हमेशा उनके साथ रहेंगी.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी सुदिव्य कुमार के निधन पर शोक जताते हुए कहा था कि राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. उनका निधन राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है. इसके बाद रविवार को राज्यपाल ने भी उनके पैतृक आवास पहुंचकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी.
Also Read : झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दो दिन राजकीय शोक, आधे झुकेंगे तिरंगे

