जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखंड सीआईडी ने एक और गिरफ्तारी की है. सीआईडी ने 5 सितंबर को पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है.
सीआईडी के अनुसार कुंदन कुमार, पिता रामलाल राम, ग्राम डुमरी, पोस्ट नमोदाग, थाना नौडीहा बाजार, जिला पलामू के निवासी हैं. उनकी गिरफ्तारी जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े मामले की जांच के क्रम में हुई है.
कुंदन पर आरोप है कि उसने परीक्षा में सफलता के लिए पेपर लीक गिरोह को पैसे दिए थे. जांच में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह का नाम भी सामने आया है. आरोप है कि गिरोह के लोगों ने मिथिलेश सिंह के जरिए प्रश्नपत्र हासिल किया था. सीआईडी अब कुंदन और पेपर लीक गिरोह के बीच कड़ी की जांच कर रही है.
लगातार हो रही गिरफ्तारियां
जेएसएससी-सीजीएल मामले में सीआईडी की कार्रवाई पिछले कुछ सप्ताह में तेज हुई है. 27 अगस्त को परीक्षा संचालन से जुड़े सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया था. इसके अगले दिन 28 अगस्त को सीआईडी ने परीक्षा में सफल चार अभ्यर्थियों दीपक कुमार, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह और उमेश कुमार राय को गिरफ्तार किया. इसके बाद 30 अगस्त को गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर कुमार को गिरफ्तार किया गया.
सितंबर 2024 में हुई थी परीक्षा
जिस परीक्षा की जांच चल रही है, वह जेएसएससी-सीजीएल-2023 है. इसका आयोजन 21 और 22 सितंबर 2024 को हुआ था. परीक्षा में कथित अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के आरोपों की जांच के लिए सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 दर्ज किया गया था. जांच के दौरान सीआईडी ने परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों और परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया है.

