रांची : झारखंड में अब धीरे-धीरे ठंड की एंट्री तेज होने वाली है. सुबह हल्का कोहरा, दिन में धूप और रात में बढ़ती ठंड का असर दिख सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. यानी रातें पहले से ज्यादा ठंडी होने वाली हैं. हालांकि, दिन के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है.
गुमला और खूंटी में भी बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है. सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है.
वहीं, राजधानी रांची में भी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा. 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है. 5 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और 6 से 8 नवंबर तक 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी आने वाले दिनों में सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी.
मझगांव में रिकॉर्ड हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई. पूर्वी सिंहभूम के मझगांव में सबसे ज्यादा 29.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. बहरागोड़ा में 16.6 मिमी और मुसाबनी में 15.4 मिमी बारिश हुई.
तापमान की बात करें तो जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा 31.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, लातेहार 15.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा.
5 नवंबर से मौसम होगा क्लियर
मौसम विभाग के अनुसार, 5 नवंबर से बारिश की गतिविधियां कम होने और आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रह सकता है. हालांकि, 9 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड और 10 नवंबर को राज्य के पूर्वी हिस्से में फिर बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है.
Also Read : झारखंड : दीपावली-छठ पर यात्रियों को राहत, धनबाद होकर चलेंगी तीन पूजा स्पेशल ट्रेनें


