रांची। हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है. इस मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के एक अपराधी हंस दुबे को गोली लगी है. गोली लगने से घायल अपराधी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा है. घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं. हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घायल अपराधी ने गिरोह के अन्य लोगों के नाम की जानकारी दी है. पुलिस के अलग टीम उसका सत्यापन कर छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार पुलिस मुठभेड़ में घायल हंस दुबे बीते दिनों उरीमारी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में शामिल था. इतना ही नहीं, उक्त फायरिंग की घटना में हथियार उपलब्ध कराने में भी उसकी भूमिका सामने आई है. पुलिस इस मामले में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है.
फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस की नजर में था आरोपी
उरीमारी में हाल के दिनों में हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी थी. इसी क्रम में पुलिस को अपराधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हंस दुबे को गोली लगने की बात सामने आई है.
गैंग और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच
मुठभेड़ के बाद पुलिस राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों और हथियार सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी जांच कर सकती है. उरीमारी में हुई फायरिंग के पीछे की वजह, इसमें शामिल अन्य अपराधियों तथा हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
Also Read : Breaking गिरिडीह में यूको बैंक में भीषण डकैती, हथियार के बल पर लाखों के जेवरात व नकद लूटे


