दीपावली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे झारखंड और बिहार के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए धनबाद होकर तीन पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है. इनमें गोंदिया-पटना, रांची-पूर्णिया कोर्ट और दुर्ग-बरौनी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं. तीनों ट्रेनें नवंबर में तीन-तीन फेरे लगाएंगी. इसके अलावा ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस का किराया घटाया गया है और आसनसोल-वाराणसी एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया गया है.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 6, 13 और 20 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 7:05 बजे धनबाद पहुंचेगी और शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 08896 पटना-गोंदिया स्पेशल 7, 14 और 21 नवंबर को शाम 6:10 बजे पटना से खुलेगी. यह देर रात 2:35 बजे धनबाद पहुंचेगी और तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया पहुंचेगी.
रांची-पूर्णिया कोर्ट के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
रांची और पूर्णिया कोर्ट के बीच भी धनबाद होकर तीन फेरे स्पेशल ट्रेन चलेगी. ट्रेन संख्या 08625 रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 6, 13 और 20 नवंबर को शाम 6 बजे रांची से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 08626 पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल 7, 14 और 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे पूर्णिया कोर्ट से खुलेगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन का परिचालन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, देवघर और बांका के रास्ते होगा.
दुर्ग-बरौनी स्पेशल आज से शुरू
दुर्ग और बरौनी के बीच भी धनबाद होकर तीन फेरे पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी. ट्रेन संख्या 08755 दुर्ग-बरौनी स्पेशल 4, 11 और 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 4:10 बजे धनबाद होते हुए दोपहर 12 बजे बरौनी पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 08756 बरौनी-दुर्ग स्पेशल 5, 12 और 19 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे बरौनी से खुलेगी. रात 11:35 बजे धनबाद पहुंचेगी और अगले दिन रात 11:05 बजे दुर्ग पहुंचेगी.
इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर और थर्ड एसी के कोच होंगे. आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है. फिलहाल तीनों निर्धारित तिथियों में सभी श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं. ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, चांपा, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा और किउल होकर चलेगी.
आईसीएफ कोच के साथ चलेगी आसनसोल-वाराणसी एक्सप्रेस
मेमू रैक की अनुपलब्धता के कारण आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल एक्सप्रेस का परिचालन 12 कोच वाले मेमू रैक की जगह पारंपरिक आईसीएफ कोचों के साथ जारी रहेगा.
ट्रेन संख्या 13553 आसनसोल-वाराणसी 4 दिसंबर तक और ट्रेन संख्या 13554 वाराणसी-आसनसोल 5 दिसंबर तक पारंपरिक आईसीएफ रैक से चलेगी. इसमें जनरल सेकेंड क्लास के 10 कोच और दो ब्रेक वैन होंगे.
Also Read : झारखंड : तीन इंजीनियरों को 2012 से मिलेगा प्रोमोशन का लाभ, हाईकोर्ट ने विभाग का आदेश किया रद्द


