Joharlive Desk : भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का निधन हो गया है। 92 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर है और फैंस गमगीन हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
मल्टीपल ऑर्गन फेलियर बनी वजह
जानकारी के मुताबिक, आशा भोसले का निधन मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से हुआ है। बीजेपी नेता आशीष शेलार ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनके जाने से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
8 दशकों तक संगीत की सेवा
आशा भोसले ने करीब 8 दशक तक फिल्म इंडस्ट्री को अपनी आवाज दी। उन्होंने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में भारतीय संगीत का नाम रोशन किया। अपने लंबे करियर में उन्होंने करीब 12 हजार गाने गाए और हर पीढ़ी के दिलों में खास जगह बनाई।
10 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर
बहन लता मंगेशकर की राह पर चलते हुए आशा भोसले ने महज 10 साल की उम्र में अपना पहला गाना गाया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार सफलता हासिल की।
पद्म विभूषण से हुई थीं सम्मानित
भारतीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण जैसे बड़े सम्मान से नवाजा गया था। उनकी आवाज और गानों की विरासत हमेशा जिंदा रहेगी।
आज होगा अंतिम संस्कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क श्मशान घाट में शाम करीब 4 बजे किया जाएगा।
पीएम मोदी ने जताई थी चिंता
गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
Also Read : रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग का आतंक बरकरार, अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री पर फायरिंग में ली जिम्मेदारी

