रांची. झारखंड में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए राज्य सरकार अब रांची से बाहर भी आधुनिक शहरी केंद्र विकसित करने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार 3 सितंबर को झारखंड मंत्रालय में ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी से जुड़े भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान राज्य के शहरीकृत जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर अन्य शहरीकृत जिलों में भी सुनियोजित टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का समग्र अध्ययन किया जाए. इसके लिए संबंधित जिलों में उपलब्ध जमीन, आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाओं, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की आबादी की जरूरतों को आधार बनाया जाएगा.
रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार की भी बनेगी योजना
बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के वर्तमान स्वरूप और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा के साथ भविष्य में इसके विस्तार की संभावनाओं पर भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए रांची के दीर्घकालिक और संतुलित विकास के लिए अभी से योजना बनाना जरूरी है.
इस क्रम में भविष्य में हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के साथ जमीन समेत अन्य विषयों पर बातचीत किए जाने की संभावना पर भी बैठक में चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित सभी पहलुओं का अध्ययन कर आगे की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
टाउनशिप में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास को केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए. नई टाउनशिप ऐसी होनी चाहिए, जहां बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध हों.
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी और ऐसी अन्य शहरी परियोजनाओं से निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा होने चाहिए. परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को भूमि संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाने, आपसी समन्वय बढ़ाने और प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, राजस्व सचिव चंद्रशेखर, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री, स्मार्ट सिटी के सीईओ सूरज कुमार, जीयाडा के एमडी वरुण रंजन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


