Jamtara: जामताड़ा जिले के करमाटांड प्रखंड अंतर्गत कलाझरिया मदनकट्टा गांव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय महिला अपने 7 वर्षीय मासूम बेटे के साथ बीते 21 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी माँ-बेटे का कोई अता-पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला
लापता महिला के पति सुजीत तुरी ने करमाटांड थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी पत्नी और बच्चे की बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के पूनासी निवासी अनिल तुरी पर अपहरण करने या बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पति ने अपने पड़ोसी पंकज तुरी की भूमिका पर भी संदेह जताया है, क्योंकि आरोप है कि अनिल का पंकज के घर आना-जाना लगा रहता था। परिजनों के अनुसार, महिला और अनिल के बीच फोन पर बातचीत को लेकर घर में पहले भी विवाद हो चुका था।
शादी समारोह के दौरान हुई घटना
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल को गांव में एक शादी समारोह का आयोजन था, जिसमें परिवार के सभी सदस्य और ग्रामीण व्यस्त थे। इसी भीड़भाड़ और व्यस्तता का फायदा उठाकर महिला बच्चे को लेकर घर से निकल गई। महिला के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। माँ के अचानक गायब हो जाने के बाद घर में चूल्हा तक नहीं जला है।
इनाम की घोषणा और संपर्क सूत्र
घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। ऐसे में परिजनों ने आम जनता से मदद की अपील की है। लापता महिला ने घर से निकलते समय पीले रंग की साड़ी पहनी थी। परिजनों ने सूचना देने वाले के लिए 11,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: 6354045686, 6204064740, 9060431948। पुलिस फिलहाल मामले की गहन छानबीन में जुटी है।


