जोहार लाइव ब्यूरो
रांची में अड्डेबाजी, खुले में शराबखोरी और छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस अब सख्ती की तैयारी में है. सुखदेवनगर थाना में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पहुंचे रांची SSP ने आम लोगों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान लोगों ने पुलिसिंग में कमियों, नशे के बढ़ते प्रभाव और कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं होने की शिकायत की.
लोगों की शिकायतें सुनने के बाद SSP ने थाना प्रभारी को नियमित पेट्रोलिंग मजबूत करने और क्षेत्र में पुलिसिंग बेहतर करने का निर्देश दिया. उन्होंने ASP कोतवाली को भी क्षेत्र की पुलिसिंग की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़े.
अड्डेबाजी और खुले में शराब पीने वालों पर नजर
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में शराब दुकानों के आसपास खुले में शराब पीने और अनधिकृत दुकानों पर बैठकर शराबखोरी करने की शिकायतें सामने आईं. लोगों का कहना था कि इससे आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी होती है. इस पर SSP ने ऐसे स्थानों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने संबंधित विभाग के सहयोग से अनधिकृत दुकानों को हटवाने और मैदानों समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों को चिह्नित करने की बात कही. SSP ने ऐसे लोगों का रिकॉर्ड तैयार करने का निर्देश भी दिया, जिसमें उनकी पहचान, पता और आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी रखी जाए. जरूरत पड़ने पर उनके अभिभावकों को भी सूचना देने की बात कही गई.
“बड़ी संख्या में लोग यहाँ (सुखदेवनगर थाना) पर उपस्थित हुए थे, बहुत सारे सामाजिक बैकग्राउंड के लोग भी यहाँ पर उपस्थित हुए थे. सभी लोगों ने अपनी अलग-अलग तरीके की समस्याएँ रखी हैं. बहुत सारे लोगों ने जो पुलिसिंग के प्रति जो उनकी शिकायत थी, जो शॉर्ट कमिंग्स थी, उसको भी उन्होंने मेरे सामने रखा है. मैं यहाँ पर एएसपी कोतवाली के साथ उपस्थित था. हमने सभी लोगों की समस्याओं को सुना है. ”
– राकेश रंजन, एसएसपी, रांची
लंबे समय से तैनात टाइगर मोबाइल जवानों का होगा बदलाव
सुखदेवनगर क्षेत्र में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात टाइगर मोबाइल जवानों को बदलने की तैयारी भी है. SSP ने कहा कि पुलिस विभाग में समय-समय पर बदलाव सामान्य प्रक्रिया है. लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में तैनात रहने से पुलिसकर्मी वहां की परिस्थितियों के अभ्यस्त हो जाते हैं. ऐसे में नए जवानों को जिम्मेदारी देने से अपराध नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है.
कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने पुराने मामलों में कार्रवाई नहीं होने की शिकायत भी की. SSP ने बताया कि शिकायतों की सुनवाई के दौरान एक मामले में FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया, जबकि व्यावसायिक विवाद से जुड़े मामलों में संबंधित प्राधिकारी के पास जाने की सलाह दी गई.
उन्होंने स्पष्ट किया कि संज्ञेय अपराध की जानकारी मिलने पर नियमानुसार FIR दर्ज करना पुलिस का कर्तव्य है. यदि कोई थाना FIR दर्ज नहीं करता है, तो पीड़ित वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर सकते हैं. ऐसी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
SSP ने यह भी बताया कि रांची जिले के सभी थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनना और पुलिसिंग से जुड़ी शिकायतों का समाधान करना है. सुखदेवनगर थाना में भी बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और पुलिस के सामने क्षेत्र की समस्याएं रखीं.
Also Read : बिहार MLC चुनाव: पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत, अनंत सिंह ने मानी हार; बोले- नीरज को बधाई नहीं देंगे

