रांची. झारखंड सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग उठाने वाली जोहार लाइव की खबर के बीच झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया है. अर्नब चक्रवात के कारण रांची में संभावित भारी बारिश को देखते हुए आयोग ने 28 से 31 अक्टूबर तक जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में होने वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा स्थगित कर दी है. अब ये परीक्षाएं 18 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी.
जोहार लाइव ने 25 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट में अभ्यर्थियों की परेशानी को सामने रखा था. अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्हें शारीरिक परीक्षा की सूचना 14 अक्टूबर को मिली थी, जबकि परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू होनी थी. ऐसे में तैयारी के लिए उन्हें करीब दो सप्ताह का समय मिला. कुछ अभ्यर्थियों ने दौड़ की तारीख कम से कम एक महीने आगे बढ़ाने की मांग की थी.
28 से 31 अक्टूबर तक की परीक्षा अब नवंबर में
जेएसएससी ने 28 अक्टूबर 2026 को आवश्यक सूचना-04 जारी कर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी. आयोग के मुताबिक, चक्रवात अरनब के कारण रांची में संभावित भारी बारिश और झारखंड के पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से मिले पत्र के आलोक में यह फैसला लिया गया है.
नई तारीखों के अनुसार:
• 28 अक्टूबर की परीक्षा अब 18 नवंबर को होगी.
• 29 अक्टूबर की परीक्षा अब 19 नवंबर को होगी.
• 30 अक्टूबर की परीक्षा अब 20 नवंबर को होगी.
• 31 अक्टूबर की परीक्षा अब 21 नवंबर को होगी.
यह बदलाव चयन पर्षद-01 के अंतर्गत जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा, रांची में निर्धारित परीक्षा के लिए किया गया है. हालांकि, 31 अक्टूबर के बाद वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा वैसे ही होंगे, उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है.
अभ्यर्थियों को मिला तैयारी का अतिरिक्त समय
परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने से संबंधित अभ्यर्थियों को अब दौड़ और शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए पहले से अधिक समय मिलेगा. जो अभ्यर्थी कम समय मिलने की शिकायत कर रहे थे, उनके लिए यह राहत की बात है.
जोहार लाइव की रिपोर्ट में अभ्यर्थियों के बीच इस मुद्दे पर अलग-अलग राय भी सामने आई थी. कुछ अभ्यर्थियों ने कहा था कि कम समय में दौड़ के लिए जरूरी शारीरिक क्षमता विकसित करना मुश्किल है. वहीं, कुछ का मानना था कि सहायक कारापाल जैसे पद के लिए शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी है और परीक्षा तय समय पर होनी चाहिए.
दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड करना जरूरी नहीं
आयोग ने अभ्यर्थियों को यह भी स्पष्ट किया है कि संशोधित तारीखों के लिए दोबारा प्रवेश पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य नहीं है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे JSSC की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें, ताकि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आगे की सूचनाओं की जानकारी मिलती रहे.
यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2025 और 06/2025 के तहत झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए हो रही है. अब संबंधित अभ्यर्थियों को अपनी संशोधित परीक्षा तिथि के अनुसार तैयारी करनी होगी.
Also Read : बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- आम जनता के व्यापार और नफा-नुकसान से कोई सरोकार नहीं

