रांची. झारखंड में सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के बीच तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलने को लेकर बहस शुरू हो गई है. कुछ अभ्यर्थी दौड़ की तारीख कम से कम एक महीने आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि इस पद के लिए शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी है और निर्धारित समय पर परीक्षा कराना सही है.
इसी मुद्दे पर जोहार लाइव की टीम रांची ग्राउंड पहुंची, जहां अभ्यर्थी दौड़ की तैयारी करते नजर आए. अभ्यर्थियों के अनुसार, शारीरिक परीक्षा की सूचना उन्हें 14 अक्टूबर को मिली, जबकि परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू होनी है. यानी तैयारी के लिए उन्हें करीब दो सप्ताह का समय मिला है. परीक्षा में 1600 मीटर की दौड़ छह मिनट में पूरी करनी है.
अभ्यर्थी हर्षित सिंह का कहना है कि इतने कम समय में दौड़ के लिए जरूरी शारीरिक क्षमता विकसित करना मुश्किल है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें भर्ती प्रक्रिया या परीक्षा की व्यवस्था से कोई आपत्ति नहीं है. उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि दौड़ की तारीख कम से कम एक महीने आगे बढ़ा दी जाए, ताकि वे बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें.
दौड़ की तारीख बढ़ाने की मांग से सहमत नहीं सभी अभ्यर्थी
हालांकि, सभी अभ्यर्थी परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं. तमाड़ के अभ्यर्थी राजकुमार पुरान का कहना है कि सहायक कारापाल की नौकरी सिर्फ पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें शारीरिक रूप से सक्षम होना भी जरूरी है.
उन्होंने दौड़ के लिए निर्धारित छह मिनट के समय को सही बताते हुए कहा कि अगर कोई चोर भागता है, तो उसे पकड़ने के लिए दौड़ना भी आना चाहिए. उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द शारीरिक परीक्षा कराने की मांग की.
एक अन्य अभ्यर्थी ने भी निर्धारित समय को सही ठहराया. उनका कहना है कि यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी केवल नोटिफिकेशन जारी होने के बाद शुरू नहीं होती, बल्कि अभ्यर्थी लंबे समय से इसकी तैयारी करते हैं. इसी तरह शारीरिक परीक्षा के लिए भी पहले से तैयारी की जानी चाहिए.
क्या है सहायक कारापाल का काम?
सहायक कारापाल जेल प्रशासन का एक कार्यकारी पद है. झारखंड जेल मैनुअल, 2025 के नियम 112 से 114 के अनुसार, सहायक कारापाल जेलर के अधीन काम करता है और जेल प्रबंधन में उसकी सहायता करता है. उसे सौंपे गए कार्यों को पूरा करने, संबंधित रजिस्टर और दस्तावेजों का रखरखाव करने तथा जेल के कामकाज में निर्धारित जिम्मेदारियां निभानी होती हैं.
जेल की सुरक्षा, बंदियों की निगरानी और जेल में अनुशासन बनाए रखने जैसे कार्यों में भी पद के अनुसार जिम्मेदारी निभानी पड़ती है. इसलिए इस पद की भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा महत्वपूर्ण चरण है.
कब होगी सहायक कारापाल की शारीरिक परीक्षा?
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से शुरू होनी निर्धारित है. परीक्षा अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित तारीख, केंद्र और रिपोर्टिंग समय की जानकारी प्रवेश पत्र से जांचनी चाहिए. फिलहाल अभ्यर्थियों की मांग है कि शारीरिक परीक्षा के लिए उन्हें एक महीने का अतिरिक्त समय दिया जाए.
Also Read : अगर अपने बच्चों को बनाना है धोनी जैसा फिट, तो अपनाइये धोनी की ये डायट चार्ट

