सिमडेगा. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) को लेकर सिमडेगा पुलिस सतर्क हो गई है. परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने शहर के होटलों और लॉजों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस की टीम ने 27 अक्टूबर को शहरी क्षेत्र के विभिन्न होटलों और लॉजों में पहुंचकर ठहरे लोगों की जानकारी और रजिस्टर की जांच की.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में यह देखा गया कि होटल और लॉज में ठहरने वाले लोगों का नाम-पता और पहचान संबंधी विवरण दर्ज किया जा रहा है या नहीं. पुलिस ने संचालकों के रिकॉर्ड भी खंगाले, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि की आशंका होने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
परीक्षा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए होटल और लॉज संचालकों को ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण दर्ज करने और रजिस्टर अपडेट रखने का निर्देश दिया गया है. पुलिस ने किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने या कोई असामान्य स्थिति सामने आने पर तत्काल स्थानीय थाने को सूचना देने को कहा है.
पुलिस की नजर इस बात पर भी है कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी की कोशिश न हो. होटल और लॉज संचालकों से जांच में सहयोग करने की अपील की गई है. पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाने को देने को कहा है.
Also Read : रांची में अड्डेबाजी, खुले में शराबखोरी और नशे पर सख्ती की तैयारी, SSP ने दिए कार्रवाई के निर्देश
