Palamu: जिले के रेहला थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। इंस्टाग्राम चलाने को लेकर हुई मामूली डांट-फटकार से आहत होकर 17 वर्षीय एक किशोरी ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी नंदिनी सिंह के रूप में हुई है।
शादी समारोह में आई थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, नंदिनी अपनी मां के साथ अपने ननिहाल (गुरहा गांव) एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इस दौरान वह लगातार मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने में व्यस्त थी। उसे मोबाइल में डूबे देख उसकी नानी ने उसे टोका और डांट लगाते हुए मोबाइल इस्तेमाल करने से मना किया। परिजनों के अनुसार, नानी की यह बात नंदिनी को इस कदर नागवार गुजरी कि उसने गुस्से और आवेश में आकर जहर का सेवन कर लिया।
अस्पताल में हुई मौत और परिजनों का हंगामा
हालत बिगड़ते देख परिजनों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मृतका की मां ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और इस दौरान कई गंभीर आरोप भी लगाए।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद रेहला थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि क्या घटना की एकमात्र वजह नानी की डांट थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी छिपा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Also Read : जिस बेटी को मां ने कलेजे से लगाकर पाला, उसी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट


