Ranchi : राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन यादव के रूप में हुई है वह धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र के करकेन्द बाजार का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देशी कट्टा, तीन गोली, और घटना के समय पहना गया कपड़ा भी बरामद किया है। इस मामले की जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया के साथ साझा की।
27 दिसंबर से शुरू हुई थी रंगदारी की धमकी
सिटी एसपी ने बताया कि टिटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके दो साथी पुष्कर महतो एवं पिंटु कच्छप को संगठित आपराधिक गिरोह के सरगना प्रिंस खान द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं। गिरोह की ओर से इंटरनेट कॉल के जरिए ऑडियो मैसेज भेजकर उनसे एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। साथ ही पैसे नहीं देने पर लगातार जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
रंगदारी नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, जब रंगदारी की रकम नहीं मिली तो गिरोह ने अपने गुर्गों के माध्यम से 7 मार्च को लोधमा स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में रेस्टोरेंट के एक स्टाफ को गोली लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
एयरपोर्ट थाना में दर्ज हुआ था केस
इस मामले को लेकर एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 12/26 के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था, जिसे पूरे मामले का उद्भेदन करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं 4 आरोपी
एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल चार अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर सचिन यादव था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
छापेमारी में गिरफ्तार हुआ मुख्य शूटर
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आखिरकार सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारियां दीं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहना गया कपड़ा, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया।
हथियार बरामदगी पर अलग केस दर्ज
बरामद हथियार के संबंध में पुलिस ने एयरपोर्ट थाना में एक नया मामला दर्ज किया है। यह केस कांड संख्या 15/26 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हथियार आरोपी को कहां से मिला और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सचिन यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के विभिन्न थानों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध जोगता थाना, राजगंज थाना, बैंक मोड़ थाना और पुटकी थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क की कर रही जांच
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रांची में प्रिंस खान गिरोह का नेटवर्क कितना फैला हुआ है और इसके पीछे कौन-कौन लोग मदद कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Also Read : हजारीबाग दरिंदगी पर जयराम महतो का अल्टीमेटम, 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो बड़ा आंदोलन


