Hazaribagh : हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। इस जघन्य वारदात के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और हर तरफ एक ही मांग उठ रही है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पीड़ित परिवार से मिले जयराम महतो
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो शनिवार को कुसुंभा पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान उन्होंने घटना स्थल का भी जायजा लिया और पूरी स्थिति की जानकारी ली।
48 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं तो आंदोलन
जयराम महतो ने साफ शब्दों में कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उनकी पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं है, बल्कि पूरे समाज की संवेदनाओं पर गहरा चोट है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
मामले को लेकर जयराम महतो ने डीएसपी से फोन पर बात की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मांग की कि केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना करने से पहले सौ बार सोचे।
सरकार पर भी साधा निशाना
जयराम महतो ने इस मामले में राज्य सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रही है और अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है।
न्याय, सुरक्षा और मुआवजे की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक प्रशासन को इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखनी चाहिए।
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
जयराम महतो ने दो टूक कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जेएलकेएम के बैनर तले पूरे झारखंड में सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय और सुरक्षा के लिए है।
बड़ी संख्या में जुटे लोग
इस मौके पर जेएलकेएम के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष सरयू साव, महासचिव माही पटेल, मुखिया दुलारचंद पटेल समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।
Also Read : साहिबगंज में रेल पटरी पर मिला एफसीआई ठेकेदार का श’व, हजारीबाग के मनोज कुमार की पहचान


