Ranchi : झारखंड में पुलिसकर्मियों के सामने गंभीर वेतन संकट खड़ा हो गया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बकाया वेतन जल्द जारी करने और कोषागार से निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि राज्य के पुलिस पदाधिकारी और जवान इस समय गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। जानकारी के अनुसार, फरवरी महीने का वेतन आयकर और अन्य कटौतियों में ही समाप्त हो गया, जबकि मार्च महीने का वेतन अब तक जारी नहीं हुआ है।
आर्थिक तंगी से बढ़ी मुश्किलें, बच्चों की फीस और EMI तक अटकी
लगातार दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण पुलिसकर्मियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई जवान अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं, जबकि बैंकों की EMI भी बाउंस हो रही है। परिवारों में शादी और अन्य जरूरी खर्चों पर भी असर पड़ रहा है। बुजुर्ग माता-पिता की दवाइयों और इलाज में भी दिक्कतें आ रही हैं। एसोसिएशन ने कहा कि जब पुलिसकर्मी आर्थिक और मानसिक दबाव में रहेंगे तो वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से नहीं कर पाएंगे। इससे विभाग में असंतोष और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
वेतन जल्द जारी करने की मांग, पुलिस बल के मनोबल पर असर का खतरा
पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से तत्काल वेतन जारी करने के आदेश देने की मांग की है ताकि पुलिस बल का मनोबल बना रहे और सुशासन प्रभावित न हो। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि वेतन निकासी में आ रही तकनीकी या प्रशासनिक दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए। इससे पहले एसोसिएशन ने डीजीपी को भी इस संबंध में पत्र लिखा था, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल सका है।
Also Read : JPSC पर फिर विवाद: बाबूलाल मरांडी ने चेयरमैन को हटाने की मांग की


