Jamui : आसनसोल मंडल (पूर्व रेलवे) में लाहाबन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच बीती देर रात एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जहां एक मालगाड़ी के 8 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे इस रूट पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे का असर हावड़ा–पटना और हावड़ा–मुजफ्फरपुर रेल मार्ग पर पड़ा, जहां यात्री और मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ।
दुर्घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बहाली कार्य शुरू किया। आसनसोल, मधुपुर और झाझा से आपात राहत टीमें (ART) मौके पर भेजी गईं। दोनों अप और डाउन लाइन बंद होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के कारण कई ट्रेनों को रद्द और डायवर्ट किया गया। मुजफ्फरपुर–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को बीच रास्ते से डायवर्ट किया गया, जबकि हावड़ा–मुजफ्फरपुर बाघ एक्सप्रेस का संचालन आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया। चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर बड़ी संख्या में यात्री फंस गए, जिन्हें रात स्टेशन पर ही बितानी पड़ी।
रेलवे के अनुसार इस हादसे के बाद कुल 9 ट्रेनें रद्द की गईं, जबकि 14 ट्रेनों के रूट बदले गए। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने जसीडीह समेत प्रभावित स्टेशनों पर राहत केंद्र बनाए, जहां पानी, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि पटरी बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है और जल्द से जल्द रेल परिचालन सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे वेबसाइट या हेल्पलाइन से जरूर लें।
Also Read : संडे स्पेशल: चिकन-मटन लिवर सेहत के लिए फायदेमंद, लेकिन मात्रा का ध्यान जरूरी


