झारखंड में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए जरूरी अपडेट है. जैक की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं. आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी. अगर आप भी बोर्ड परीक्षा देने वाले हैं, तो आवेदन की तारीख नोट कर लें. बिना लेट फीस के 26 नवंबर तक फॉर्म भर सकेंगे, जबकि लेट फीस के साथ 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा.
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. परिषद फरवरी 2027 में ही दोनों परीक्षाएं संपन्न कराने की योजना पर काम कर रहा है. परीक्षा कार्यक्रम इसी महीने के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है.
जैक की योजना मैट्रिक के साथ इंटरमीडिएट के तीनों संकायों विज्ञान, कला और वाणिज्य का परिणाम अप्रैल 2027 के अंत तक जारी करने की है.
राज्यभर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 7.50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है. इनमें मैट्रिक के करीब 4.30 लाख और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों के लगभग 3.30 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं. पिछले कुछ वर्षों में भी परीक्षार्थियों की संख्या इसी के आसपास रही है.
फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा
जैक फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं भी आयोजित करने की तैयारी कर रहा है. ये परीक्षाएं ओएमआर शीट पर ली जाएंगी. नौवीं और 11वीं की परीक्षाओं के लिए मैट्रिक और इंटरमीडिएट के निर्धारित परीक्षा केंद्रों का ही इस्तेमाल किया जाएगा.
शैक्षणिक सत्र 2026-27 की इन कक्षाओं की परीक्षाओं और परिणामों को लेकर सरकार ने जैक को समयसीमा का पालन करने का निर्देश दिया है. इसके तहत आठवीं, नौवीं और 11वीं का परीक्षाफल हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले जारी किया जाना है.
इसका उद्देश्य छात्रों के अगली कक्षा में प्रवेश और प्रोग्रेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी करना है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन को लेकर देरी का सामना नहीं करना पड़े.


