Ranchi : राज्यसभा के मनोनीत सांसद हरिवंश नारायण सिंह लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए हैं। इस बार भी उनका चुनाव निर्विरोध हुआ है। शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा की गई।
दरअसल, इस पद के लिए विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया, जिससे हरिवंश का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया था। उनका पिछला कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो गया था, जिसके बाद यह पद खाली था। इसके बाद राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नियमों के तहत चुनाव की तारीख शुक्रवार तय की थी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख गुरुवार दोपहर 12 बजे तक थी।
सूत्रों के अनुसार, हरिवंश के समर्थन में कुल 5 प्रस्ताव (नोटिस) मिले थे, जबकि विपक्ष की ओर से एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया। विपक्ष ने इस चुनाव का बहिष्कार किया। बताया जा रहा है कि विपक्ष का यह विरोध केंद्र सरकार द्वारा पिछले 7 साल से लोकसभा में उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं करने को लेकर है।
राज्यसभा में हरिवंश के फिर से उपसभापति चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार इस पद पर चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि सदन को उन पर पूरा भरोसा है।
पीएम मोदी ने कहा कि हरिवंश के अनुभव का सदन को लगातार फायदा मिला है और वे सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने का प्रयास करते हैं। उनके नेतृत्व में सदन की कार्यवाही और अधिक प्रभावी बनी है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि हरिवंश अपने नए कार्यकाल में भी संतुलन और समर्पण के साथ काम करेंगे और सदन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
Also Read : पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से सस्ता हुआ तेल: कीमतों में 2% गिरावट,भारत को मिल सकती है बड़ी राहत

