झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और डिजिटल बनाने के लिए राज्य सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शामिल करने की योजना बनाई है. इसके तहत स्वास्थ्य विभाग जल्द ही ‘एआई असिस्टेंट’ और ‘एआई फैमिली डॉक्टर’ विकसित करने जा रहा है, ताकि स्वास्थ्यकर्मियों के रोजमर्रा के काम को आसान बनाया जा सके और आम नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी शुरुआती सलाह आसानी से मिल सके.
इस योजना को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिसमें दोनों एआई प्लेटफॉर्म के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए.
स्वास्थ्यकर्मियों के लिए डिजिटल सहयोगी बनेगा ‘एआई असिस्टेंट’
प्रस्तावित ‘एआई असिस्टेंट’ मुख्य रूप से स्वास्थ्यकर्मियों और हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए एक डिजिटल सहयोगी के रूप में काम करेगा, जो उन्हें दैनिक कार्यों के रिमाइंडर और अलर्ट भेजेगा. उदाहरण के लिए, यदि किसी सहिया यानी आशा कार्यकर्ता को टीकाकरण अभियान के लिए जाना है, तो एआई उन्हें पहले ही बता देगा कि उन्हें किस स्थान और समय पर जाना है, कितने बच्चों का टीकाकरण होना है और इसके लिए क्या-क्या तैयारियां आवश्यक हैं. इस डिजिटल सिस्टम के लागू होने से स्वास्थ्यकर्मियों को अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें एक ही जगह से सारे जरूरी अलर्ट मिल जाएंगे.
मरीजों की शुरुआती जांच करेगा ‘एआई फैमिली डॉक्टर’
वहीं दूसरी ओर, आम जनता के लिए ‘एआई फैमिली डॉक्टर’ को एक डिजिटल हेल्थ असिस्टेंट के रूप में तैयार किया जाएगा. इसके माध्यम से मरीज अपनी समस्याओं और लक्षणों की जानकारी दर्ज करेंगे, जिसके आधार पर एआई उन्हें संभावित बीमारी और प्राथमिक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराएगा. हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एआई द्वारा सुझाई गई किसी भी दवा को तब तक वैध परामर्श नहीं माना जाएगा, जब तक कि उसे किसी पंजीकृत डॉक्टर की स्वीकृति न मिल जाए, यानी अंतिम चिकित्सीय निर्णय डॉक्टर का ही होगा. सरकार की योजना के अनुसार इसे सबसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा और इसके परिणाम संतोषजनक रहने पर ही इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा.
Also Read : आज की रात फेम तमन्ना भाटिया लेकर आ रही हैं छठ गीत, जानिये डिटेल्स

