Johar Live Desk : आज की बदलती लाइफस्टाइल में देर रात तक जागना और देर से खाना खाना आम हो गया है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, देर रात खाना या खाना खाकर तुरंत सो जाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, खासकर पाचन तंत्र के लिए।
क्यों जरूरी है सही समय पर डिनर?
विशेषज्ञों का कहना है कि सोने और डिनर के बीच कम से कम 2 से 3 घंटे का अंतर होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति रात 10 बजे सोता है, तो उसे शाम 7 से 8 बजे के बीच खाना खा लेना चाहिए। इससे शरीर को भोजन पचाने का पूरा समय मिल जाता है।
देर से खाना खाने के नुकसान
खाने के तुरंत बाद लेटने से पेट का एसिड ऊपर की ओर आ सकता है, जिससे एसिडिटी और सीने में जलन की समस्या होती है। इसके अलावा, सोते समय शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे वजन बढ़ने की आशंका रहती है। सही समय पर डिनर करने से नींद की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।
रात के खाने में इन चीजों से करें परहेज
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रात का खाना हल्का और आसानी से पचने वाला होना चाहिए। ज्यादा मसालेदार और तला-भुना खाना अपच और बेचैनी बढ़ा सकता है। इसके अलावा, रेड मीट, राजमा और छोले जैसे भारी प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ रात में पचाने में मुश्किल होते हैं। कॉफी, चाय और डार्क चॉकलेट जैसी कैफीन वाली चीजें भी रात में नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि इससे नींद प्रभावित होती है। वहीं, बहुत ज्यादा कच्चा सलाद खाने से गैस और ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। डिनर के बाद मिठाई या आइसक्रीम खाने से ब्लड शुगर बढ़ता है और वजन भी बढ़ सकता है।
कैसा होना चाहिए सही डिनर?
विशेषज्ञों का कहना है कि रात का खाना हल्का, गर्म और ताजा होना चाहिए। खिचड़ी, दलिया, सब्जियों का सूप या मूंग की दाल के साथ एक रोटी बेहतर विकल्प हैं। साथ ही, डिनर के बाद 10-15 मिनट की हल्की सैर या वज्रासन करने से पाचन बेहतर रहता है।
Also Read : Gemini में लॉन्च हुआ Personal Intelligence फीचर, अब Gmail और Photos से जुड़ेगा AI


