Patna : बिहार सरकार ने पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर और पटना में दो नए आधुनिक पुलिस भवनों के निर्माण को मंजूरी दी है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 34 करोड़ 31 लाख रुपए खर्च होंगे।
मुजफ्फरपुर में नया SSP भवन
मुजफ्फरपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के लिए नया ऑफिस-कम-आवासीय भवन बनाया जाएगा। यह G+4 (ग्राउंड प्लस चार मंजिला) होगा और इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस पर लगभग 18.92 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
पटना में मल्टीस्टोरी थाना भवन
राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी इलाके में G+6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) नया और आधुनिक थाना भवन बनेगा। इसके निर्माण पर लगभग 15.38 करोड़ रुपए खर्च होंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों को देखते हुए यह भवन लंबे समय से जरूरी था।
पुलिस और जनता दोनों को लाभ
सम्राट चौधरी ने बताया कि नए भवनों में ऑफिस, ट्रेनिंग और आवासीय सुविधाएं होंगी। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को तेज और बेहतर सेवा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ इमारतें बनाना नहीं, बल्कि पूरी पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाना है।


