Ranchi : दो हफ्ते तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। 10 जनवरी को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
लीग में अब तक 12 मैच खेले गए और कुल 37 गोल हुए। फाइनल जीतने वाली टीम को ₹1.5 करोड़, उपविजेता को ₹1 करोड़ और तीसरे स्थान पर रही रांची रॉयल्स को ₹50 लाख इनाम मिलेगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को ₹20 लाख, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, उभरते खिलाड़ी और टॉप स्कोरर को ₹5-5 लाख पुरस्कार दिए जाएंगे। फेयरप्ले ट्रॉफी भी दी जाएगी।
टीमों की झलक
लीग चरण में एसजी पाइपर्स ने 11 अंकों के साथ तालिका में पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। लीग में दोनों टीमों के बीच हुए दो मुकाबले ड्रॉ रहे, लेकिन शूटआउट में बंगाल टाइगर्स ने दोनों बार जीत दर्ज की।
एसजी पाइपर्स की ताकत
एसजी पाइपर्स ने अब तक 11 गोल किए हैं। कप्तान नवनीत कौर ने 4 गोल किए, लोला रिएरा ने 3 और सुनेलिता टोप्पो ने 2 गोल किए। नवनीत कौर ने कहा, “पिछले सीजन हम कमजोर थे, लेकिन इस बार टेबल टॉपर बनना हमारी मेहनत का नतीजा है। अब हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है।”
श्राची बंगाल टाइगर्स की तैयारी
श्राची बंगाल टाइगर्स ने 7 गोल किए हैं, जिनमें 5 गोल पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ अगुस्टिना गोरजेलानी ने किए। कप्तान वंदना कटारिया ने कहा, “हम शुरुआत से खिताब जीतने के इरादे से खेल रहे हैं। फाइनल में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।” दोनों टीमें मजबूत और फॉर्म में हैं, इसलिए आज का फाइनल रोमांचक होने की उम्मीद है।

