रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक में विकास योजनाओं और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये. राज्य के 263 प्रखंडों में 7,890 चापाकल लगाने के लिए 96.55 करोड़ रुपये और सरायकेला-खरसावां जिले में नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए 607.0332 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई.
जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में 500 बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए 545.38 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति मिली. गोड्डा में 51.49 करोड़ रुपये की लागत से पशु आहार कारखाना स्थापित होगा. इसके अलावा आदिवासी बहुल गांवों के विद्युतीकरण, सड़क निर्माण, जलाशय के पुनरुद्धार, पोषण योजनाओं, शिक्षा और खनन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई.
पेयजल, सिंचाई और सड़क निर्माण पर जोर
- 7,890 चापाकल लगेंगे: वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के 263 प्रखंडों में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए 7,890 चापाकल लगाने की योजना को मंजूरी दी गई. इसके लिए 96,54,70,810 रुपये की अनुमानित राशि स्वीकृत की गई.
- नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना: सरायकेला-खरसावां जिले में चांडिल जलाशय से पानी उठाकर भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 607.0332 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई.
- लोटिया जलाशय का पुनरुद्धार: हजारीबाग जिले की लोटिया जलाशय योजना के पुनरुद्धार और मुख्य नहरों की लाइनिंग के लिए 32.1706 करोड़ रुपये मंजूर किये गये.
- 28 जलछाजन परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त राशि: नाबार्ड-आरआईडीएफ ट्रेंच-25 के तहत झारखंड जलछाजन योजना की 28 परियोजनाओं के लिए पहले स्वीकृत 70.769 करोड़ रुपये के राज्यांश के अतिरिक्त 58.61780 करोड़ रुपये राज्य संसाधन से उपलब्ध कराये जायेंगे. परियोजनाओं की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की भी मंजूरी दी गई.
- गिरिडीह में बड़कीटांड-जबरदाहा-मरजुगुंडी सड़क: 7.783 किलोमीटर लंबे इस पथ के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण के लिए 40,08,64,600 रुपये स्वीकृत किये गये. इसमें पुल निर्माण, भू-अर्जन, वृक्षारोपण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पुनर्वास कार्य शामिल हैं.
- मदहालो-अलाकडीहा सड़क: गिरिडीह जिले में मदहालो (एनएच-19) से खेतको होते हुए अलाकडीहा तक 7.800 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 37,46,52,000 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई. इसमें पुल निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और वृक्षारोपण शामिल हैं.
- पतालडीह-देवरी-गांवा-सतगांवा सड़क: गिरिडीह के इस 42.40 किलोमीटर लंबे पथ की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के लिए 37,06,62,800 रुपये मंजूर किये गये.
- रांची में एडरमहातु-बांकी पथ: 5.670 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण के लिए 30,08,97,300 रुपये स्वीकृत किये गये. इसमें भू-अर्जन, पुनर्वास, यूटिलिटी शिफ्टिंग और वृक्षारोपण शामिल हैं.
इन चारों सड़क योजनाओं से संबंधित पथों को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है.
स्वास्थ्य और बिजली की योजनाओं को मंजूरी
- एमजीएम में 500 बेड का अस्पताल: जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में 500 बेड के अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 5,45,38,33,425 रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई.
- झारखंड मेडिको सिटी: मेडिको सिटी से संबंधित आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 2,84,17,24,900 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली.
- सदर अस्पताल में कैथ लैब: रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब की स्थापना और उपकरणों की खरीद के लिए पहले स्वीकृत सात करोड़ रुपये की तुलना में 41.42 प्रतिशत अधिक, यानी 9.90 करोड़ रुपये की लागत पर कार्य आवंटित करने की मंजूरी दी गई.
- आदिवासी गांवों में विद्युतीकरण: धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आदिवासी बहुल गांवों के अविद्युतीकृत टोलों और घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 184.52 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि स्वीकृत की गई.
- चाईबासा ग्रिड सब स्टेशन: 400/200 केवी ग्रिड सब स्टेशन में दो लाइन फीडर बे के निर्माण के लिए 26,78,37,749 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई. वित्तीय वर्ष 2026-27 में राशि जारी करने की भी मंजूरी मिली.
गोड्डा में पशु आहार कारखाना, पोषण योजनाओं को भी मंजूरी
- गोड्डा में पशु आहार कारखाना: झारखंड मिल्क फेडरेशन के माध्यम से स्थापित होने वाले कारखाने की शुरुआती क्षमता 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी, जिसे बढ़ाकर 100 मीट्रिक टन किया जा सकेगा. परियोजना की कुल अनुमानित लागत 51.49 करोड़ रुपये है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई. परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 में आगे बढ़ाया जाएगा.
- आवासीय विद्यालयों के लिए अतिरिक्त राशि: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय की गतिविधियों के लिए 1,28,31,08,550 रुपये की अतिरिक्त राशि से संबंधित 26 मार्च 2024 के विभागीय संकल्प की कंडिका-5 में संशोधन को मंजूरी दी गई.
- आंगनबाड़ी और किशोरी बालिका पोषण: मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत पूरक पोषाहार कार्यक्रम और किशोरी बालिका योजना के लाभार्थियों को टेक होम राशन के रूप में सूक्ष्म पोषक तत्वों से समृद्ध तथा ऊर्जा-सघन खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी. इसके लिए निर्माताओं-सह-आपूर्तिकर्ताओं का चयन निविदा से होगा. अनुबंध तीन वर्ष का होगा, जिसे एक वर्ष बढ़ाया जा सकेगा. एक से अधिक सफल निविदादाताओं से अनुबंध करने और संबंधित खरीद शर्तों में छूट देने की मंजूरी मिली. खाद्य सामग्री के लिए एनएफएसए-2013 की अनुसूची-दो में निर्धारित पीडीसीएएएस मानक को आंशिक रूप से शिथिल करने की भी स्वीकृति दी गई.
- पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों की इंटर्नशिप: राजकीय पॉलिटेक्निक और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम के रांची, दुमका और रामगढ़ केंद्रों का मनोनयन करने की मंजूरी दी गई. इसके लिए झारखंड वित्त नियमावली के नियम 235 को शिथिल कर नियम 245 के तहत प्रशिक्षण व्यवस्था की जाएगी.
- विश्वविद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य: झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 की धारा-8 के तहत राजकीय विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों के लिए ‘स्टैच्यूट फॉर हेल्थ केयर मैनेजमेंट एंड मेंटल वेलबीइंग-2026’ को मंजूरी दी गई.
- शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थानों में पदों का पुनर्गठन: झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची और उसके अधीनस्थ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में मौजूदा पद समूहों को प्रत्यार्पित/सम्परिवर्तित कर जरूरत के अनुसार पद समूहों के पुनर्गठन की स्वीकृति दी गई.
- राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र के लिए भूमि: राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार को निशुल्क भूमि हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई.
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना: आरएसबीवाई से संबंधित दायित्वों के भुगतान को स्वीकृति मिली.
खनन, भूमि और जल संसाधन से जुड़े फैसले
- चकला कोल परियोजना के लिए भूमि: लातेहार जिले के चंदवा अंचल के चकला मौजा में थाना संख्या 238, खाता संख्या 281 और 280 की कुल 147.05 एकड़ गैरमजरुआ आम/खास भूमि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड को चकला कोल परियोजना के लिए 30 वर्षों की सशुल्क लीज पर देने की मंजूरी मिली.
- खनिज अन्वेषण और ब्लॉक विकास नीति: झारखंड एक्सप्लोरेशन एंड माइनिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड, झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड और अन्य राज्य इकाइयों को प्राप्त या प्राप्त होने वाले खनिज ब्लॉकों के अन्वेषण, विकास, खनन और संचालन के लिए उपयुक्त मॉडल चुनने के उद्देश्य से झारखंड मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड ब्लॉक डेवलपमेंट पॉलिसी-2026 को मंजूरी दी गई.
- खनिज धारित भूमि उपकर: झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम-2024 की धारा-10 के तहत अधिनियम की अनुसूची में संशोधन को स्वीकृति मिली.
- भूमि अधिग्रहण पोर्टल: राज्य की विभिन्न परियोजनाओं के लिए पहले अर्जित भूमि सहित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के पारदर्शी प्रबंधन के लिए एकीकृत लैंड एक्विजिशन पोर्टल विकसित करने की मंजूरी दी गई.
- मयूराक्षी और दामोदर जल संसाधन: मयूराक्षी उप-बेसिन के जल संसाधनों के बंटवारे तथा मसानजोर बांध और दामोदर उप-बेसिन के तेनुघाट बांध के संयुक्त नियंत्रण की कार्यप्रणाली से संबंधित प्रस्तावित समझौते को मंजूरी दी गई. पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच समझौते को औपचारिक रूप देने के लिए मसौदे पर सहमति दी गई.
- नगरपालिका भूमि और भवन: झारखंड नगरपालिका भूमि/भवन स्थानांतरण अधिभार नियमावली-2026 के गठन को मंजूरी दी गई.
- अपशिष्ट जल नीति: झारखंड वेस्ट वाटर (अमेंडमेंट) पॉलिसी-2026 को स्वीकृति मिली.
- भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार विधेयक: झारखंड विधानसभा द्वारा 24 जुलाई 2019 को पारित भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (नियोजन एवं सेवाशर्त विनियमन) (झारखंड संशोधन) विधेयक-2019 को वापस लेने की मंजूरी दी गई.
- विधानसभा की विशेष बैठक: छठी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के क्रम में 25 और 26 नवंबर 2026 को सदन की विशेष बैठक आहूत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.
कैबिनेट ने विकास योजनाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, बिजली, सड़क, जल संसाधन और खनन क्षेत्र से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी देकर वित्तीय वर्ष 2026-27 में कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया.





