जोहार लाइव ब्यूरो
रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 अक्टूबर से जेसोवा का पांच दिवसीय दीवाली मेला शुरू होगा. दो नवंबर तक चलने वाले इस मेले में देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं के बनाए स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी. मेले में 300 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे.
झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सपरिवार मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया.
हस्तशिल्प से लेकर फैशन एक्सेसरीज तक की होगी बिक्री
जेसोवा की ओर से आयोजित इस मेले में पारंपरिक कपड़ों, फैशन एक्सेसरीज, सजावटी सामान और हस्तशिल्प से जुड़े उत्पादों की बिक्री होगी. आयोजन का उद्देश्य कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है. मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे.
मुलाकात के दौरान जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को राज्य में संचालित सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों और गतिविधियों की जानकारी भी दी.
प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह और कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार एवं दिव्या श्री शामिल थीं.
Also Read : परिसीमन पर कानून मंत्री से मिले बंधु तिर्की, सदन में सीटें बढ़ने पर आदिवासी आरक्षित सीटें बढ़ाने की मांग

