जोहार लाइव ब्यूरो
पलामू: नगर पंचायत छतरपुर में सफाई मित्रों को स्वच्छता प्रबंधन और सुरक्षित तरीके से सफाई कार्य करने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया. मंगलवार को नगर पंचायत परिसर में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई.
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सफाई मित्रों को आवश्यक सुरक्षा किट पहनकर ही काम करना होगा.
सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान प्राथमिकता
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव और नगर प्रबंधक मुर्तजा अंसारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में वार्ड पार्षद उमेश कुमार यादव, वार्ड प्रतिनिधि दीपक कुमार और सुनील यादव भी उपस्थित रहे. ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट, रांची के सहयोग से आयोजित शिविर में संस्थान के प्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों को प्रशिक्षण दिया.
नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं. उनकी मेहनत और समर्पण से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सफाई मित्रों को हैंड ग्लव्स, मास्क, जूते, जैकेट और टोपी सहित जरूरी सुरक्षा किट पहनकर ही काम करना होगा. बिना सुरक्षा किट के किसी भी सफाई मित्र को काम पर नहीं लगाया जाएगा. उन्होंने कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को काम में अपनाने और सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने की अपील की.
गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान सफाई मित्रों को गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण करने, प्लास्टिक कचरे का उचित प्रबंधन करने और तरल अपशिष्ट के निस्तारण की जानकारी दी गई. इसके अलावा सफाई कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया.
नगर पंचायत उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने कहा कि स्वच्छता और सुरक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं. प्रभावी सफाई व्यवस्था के लिए जरूरी है कि सफाई मित्र सुरक्षित तरीके से काम करें और कचरे का संग्रहण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए.
कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी, दोनों सफाई सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे. नगर पंचायत की ओर से कहा गया कि नगर को स्वच्छ रखने के साथ सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देना भी जरूरी है.
Also Read : झारखंड : दिव्यांग बच्चों को मिलेगा परिवार का सहारा, रांची में दत्तक ग्रहण की बाधाएं दूर करने पर मंथन

