Johar Live Desk : सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के 1 अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर झंडा फहराया। इस मौके पर सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मुनीष कुमार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और झंडा दिवस की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों और उनके शहीद परिवारों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि देश की रक्षा में जवानों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने जवानों के पुनर्वास और कल्याण में सभी से सहयोग की अपील की।
नीतीश कुमार ने जनता से आग्रह किया कि वे बिहार स्टेट एक्स सर्विसमेन बेनिवोलेंट फंड में योगदान दें। उन्होंने बताया कि यह फंड वीर सैनिकों, शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों की सहायता के लिए बनाया गया है। इस फंड से उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, पुनर्वास और आजीविका में मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फंड में दिया गया हर योगदान “राष्ट्र की सेवा” के बराबर माना जाएगा। उन्होंने सैनिकों के परिवारों के लिए हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया।


