Johar Live Desk : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने संगीतकार पलाश मुछाल के साथ अपनी शादी रद्द होने की पुष्टि कर दी है। मंधाना ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा बयान जारी करते हुए बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, इसलिए उन्हें इस मामले पर खुलकर बोलना जरूरी लगा।

मंधाना ने की निजता का सम्मान करने की अपील
मंधाना ने लिखा, “मैं बहुत निजी इंसान हूं और इसी वजह से इस मुद्दे पर चुप थी। लेकिन अब स्पष्ट करना चाहती हूं कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं चाहती हूं कि यह मामला यहीं समाप्त हो जाए। आप सभी से अनुरोध है कि दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने का समय दें।”
“भारत के लिए खेलना मेरी पहली प्राथमिकता”
उन्होंने आगे लिखा कि उनका पूरा ध्यान हमेशा देश के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने पर रहा है।
“मेरा उद्देश्य भारत का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना है। मैं चाहती हूं कि जितने लंबे समय तक संभव हो सके, मैं भारत के लिए खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं। अब आगे बढ़ने का समय है।”
शादी अचानक क्यों टली थी?
मंधाना और पलाश की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी, लेकिन उसी दिन शादी टाल दी गई। मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। अगले ही दिन पलाश मुछाल भी बीमार पड़ गए। इसके बाद से दोनों के रिश्तों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं।
Also Read : इंडिगो में परिचालन संकट जारी, छह दिन में 3000 से ज्यादा उड़ानें रद्द


