रांची. 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में कथित धांधली की जांच कर रही सीआईडी ने हजारीबाग से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभ्यर्थियों की पहचान दीपक राणा और ओमप्रकाश राणा के रूप में हुई है. दोनों 14वीं जेपीएससी पीटी में सफल हुए थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
दोनों की गिरफ्तारी परीक्षा में कथित सेटिंग, अभ्यर्थियों से पैसे लेने और ओएमआर से जुड़ी गड़बड़ी की जांच के दौरान हुई है. दोनों के नाम कथित तौर पर पीटी में सेटिंग कराने वाले नेटवर्क की जांच में पहले ही सामने आ चुके थे.
13 अगस्त को जोहार लाइव ने दोनों के नाम किए थे उजागर
जोहार लाइव ने 13 अगस्त को 14वीं जेपीएससी मामले में बिचौलिये बुद्धेश्वर भगत के कथित बयान पर आधारित एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में उन 11 अभ्यर्थियों के नाम उजागर किए थे, जिनसे पीटी पास कराने के नाम पर 10-10 लाख रुपये लेने की बात सामने आई थी. इस सूची में दिलीप कुमार राणा और ओम प्रकाश राणा के नाम शामिल थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंट कपिल कुमार महतो की ओर से इन दोनों समेत अन्य अभ्यर्थियों के नाम बताए गए थे. बुद्धेश्वर भगत के कथित बयान के अनुसार, 11 अभ्यर्थियों से कुल 1.10 करोड़ रुपये लिए गए थे. अब सीआईडी ने इसी सूची में शामिल बताए गए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जांच में बुद्धेश्वर भगत के कथित नेटवर्क को टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी से भी जोड़ा गया है. सीआईडी अब कथित पैसे के लेनदेन और परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने की कड़ियों की जांच कर रही है.
14वीं जेपीएससी मामले में 27 आरोपित गिरफ्तार
दीपक राणा और ओमप्रकाश राणा की गिरफ्तारी के बाद 14वीं जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या 27 हो गई है. इनमें नौ सफल अभ्यर्थी बताए जा रहे हैं. मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते, तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी समेत तकनीकी कर्मचारी और कथित बिचौलिये गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत मामले की जांच जारी है. दोनों भाइयों को जेल भेजे जाने के बाद जांच एजेंसी कथित सेटिंग नेटवर्क और पैसे के लेनदेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.

