रांची : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Akvan) का असर झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है. शुक्रवार, 20 नवंबर की सुबह राजधानी रांची में हल्की बारिश हुई. सुबह 8:30 बजे तक आसमान में बादल छाये रहे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 20 नवंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश की संभावना है.
इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात और तेज हवा चलने का भी अनुमान है.
21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. इस क्षेत्र में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले शामिल हैं.
22 नवंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है. 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है गंभीर चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान अकवन पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था. यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा था. तूफान के 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच गोपालपुर के पूर्व से गुजरते हुए तट पार करने का अनुमान जताया गया था.
इस दौरान समुद्र तट पर हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना थी. इसी चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से झारखंड समेत आसपास के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
अगले दिनों में गिरेगा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान झारखंड के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है.
राजधानी रांची में 20 और 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 22 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 23 नवंबर को आंशिक बादल के साथ मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 24 और 25 नवंबर की सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और तेज हवा व बारिश को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की गई है.

