रांची : झारखंड में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए रांची पुलिस ने अभी से कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत पुलिस अब न केवल अवैध खेती वाले इलाकों पर नजर रखेगी, बल्कि पहले एनडीपीएस एक्ट के मामलों में चार्जशीटेड रहे आरोपियों की गतिविधियों की भी जांच करेगी.
गुरुवार, 19 नवंबर को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में अफीम की अवैध खेती के विनष्टीकरण को लेकर बैठक हुई. इसमें ग्रामीण एसपी, बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और बुंडू, तमाड़, दशमफॉल, राहे, सोनाहातू व पिठौरिया थाना के अधिकारी शामिल हुए.
बैठक में एसएसपी ने निर्देश दिया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले चार्जशीटेड रहे और जेल से बाहर आ चुके आरोपियों की मौजूदा गतिविधियों का सत्यापन किया जाए. ऐसे अपराधियों की दोबारा अवैध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ PITNDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी.
नष्ट की गई खेती का दोबारा सत्यापन करेगी पुलिस
पुलिस उन इलाकों का भी दोबारा सत्यापन करेगी, जहां पहले अफीम की अवैध खेती नष्ट की गई थी. इसके लिए संबंधित स्थानों के GPS लोकेशन की जांच की जाएगी और फोटोग्राफी के माध्यम से रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि पहले कार्रवाई किए गए इलाकों में फिर से अफीम की खेती तो शुरू नहीं हुई है.
इसके साथ ही ग्रामीणों के बीच बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. पुलिस अधिकारियों को अवैध खेती के खिलाफ अभियान तेज करने और इसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है.
Also Read : आतंकियों के नेटवर्क पर नकेल कसने की तैयारी, हर राज्य की ATS में होंगे साइबर एक्सपर्ट

