रांची: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET दिसंबर 2026 परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है. एजेंसी ने 19 नवंबर को विषयवार परीक्षा शेड्यूल जारी किया. इसके अनुसार परीक्षा 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब अपने विषय के अनुसार परीक्षा की तारीख और शिफ्ट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है. NTA ने अलग-अलग विषयों के लिए तारीख और शिफ्ट तय कर दी है. 14 दिसंबर को इतिहास, कंप्यूटर साइंस, बंगाली समेत अन्य विषयों की परीक्षा होगी. 15 दिसंबर को शिक्षा, सोशल वर्क, लोक प्रशासन, मनोविज्ञान और जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा-साहित्य जैसे विषय शामिल हैं.
इसी तरह 16 दिसंबर को राजनीति विज्ञान और कॉमर्स, 17 दिसंबर को अंग्रेजी, भूगोल और संताली, जबकि 18 दिसंबर को हिंदी, मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म और कानून समेत अन्य विषयों की परीक्षा होगी. अंतिम दिन 21 दिसंबर को अर्थशास्त्र, पर्यावरण विज्ञान, मानवशास्त्र, समाजशास्त्र और फॉरेस्ट्री समेत विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
NTA के अनुसार परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी परीक्षा से 21 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी वेबसाइट से प्राप्त कर सकेंगे. एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी निर्देश भी NTA की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे.
बता दें, UGC-NET परीक्षा के माध्यम से जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है. अभ्यर्थी विषयवार परीक्षा शेड्यूल और अन्य अपडेट के लिए UGC-NET की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.
Also Read : विदेश से MBBS करने वालों को झारखंड में राहत, अब सदर अस्पताल में इंटर्नशिप पर भी मिलेगा स्टाइपेंड

