रांची. JTET-2026 परीक्षा की OMR शीट में बुकलेट सीरीज को लेकर सामने आई गड़बड़ी और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म व प्रवेश पत्र में हुई त्रुटियों के विरोध में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने विधायक विक्सल कोंगाड़ी से हस्तक्षेप की मांग की. गुरुवार को झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC), रांची परिसर में कोलेबिरा विधायक को ज्ञापन सौंपा.
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में मुख्य रूप से OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) से संबंधित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया. इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र में हुई विभिन्न त्रुटियों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया. अभ्यर्थियों की मांग है कि इन तकनीकी और प्रशासनिक खामियों का असर किसी भी परीक्षार्थी के परिणाम पर नहीं पड़ना चाहिए.
JAC सचिव से विधायक ने की बात
अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने तत्काल JAC के सचिव से फोन पर वार्ता कर त्रुटियों के निराकरण और आवश्यक कार्रवाई की पहल की. संघ ने विधायक के इस कदम का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार जताया.
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए. परीक्षा में हुई गलतियों के कारण किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए. छात्र हित सर्वोपरि है और सभी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान होना चाहिए.


