जोहार लाइव ब्यूरो
राजधानी रांची के चुटिया स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले के मामले में तीनों आरोपियों को फिलहाल जेल में ही रहना होगा. एनआइए की विशेष अदालत ने अमन अंसारी उर्फ गोलू, सायम सुजन और सैफ अंसारी की न्यायिक हिरासत की अवधि 30 दिनों के लिए और बढ़ा दी है. इसके साथ ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को मामले की जांच पूरी करने के लिए भी अतिरिक्त समय मिल गया है.
अब तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 150 दिनों से बढ़ाकर 180 दिन कर दी गई है. कोर्ट ने अभियोजन पक्ष की याचिका पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया. जांच एजेंसी ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 43D(2)(b) के तहत हिरासत और जांच की अवधि बढ़ाने की मांग की थी. अभियोजन की ओर से दलील दी गई कि मामले में कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक, तकनीकी और वित्तीय जांच अभी पूरी नहीं हुई है.
वहीं, बचाव पक्ष के वकीलों और विधिक सहायता अधिवक्ता ने NIA की मांग का विरोध किया था. हालांकि, अदालत ने जांच की प्रगति और अभियोजन की ओर से दिए गए कारणों को संतोषजनक मानते हुए याचिका स्वीकार कर ली.
16-17 जून की रात हुआ था पेट्रोल बम से हमला
मामला 16 और 17 जून 2026 की दरम्यानी रात का है. रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में RSS के झारखंड प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका गया था. घटना के बाद राज्य पुलिस और ATS ने जांच शुरू की थी. बाद में मामला NIA को सौंप दिया गया। जांच के दौरान मौखिक गवाही, दस्तावेज, CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और वित्तीय लेन-देन के आधार पर तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने की बात एजेंसी ने अदालत में कही है.
अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, अमन अंसारी और सायम सुजन को 17 और 18 जून को गिरफ्तार किया गया था. दोनों को 18 जून को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं, सैफ अंसारी को भी 17 जून को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दोबारा गिरफ्तारी के दौरान गोली लगने से घायल होने के कारण उसे RIMS में इलाज कराना पड़ा. उसे 2 जुलाई को इस मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
DNA और चाल की पहचान से होगी आरोपियों की भूमिका की जांच
एनआइ की जांच में अब वैज्ञानिक साक्ष्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है. अदालत ने 28 अक्टूबर को तीनों आरोपियों के DNA सैंपल लेने की अनुमति दी थी. इन नमूनों का CFSL के माध्यम से परीक्षण कराया जाना है। इसके अलावा अमन अंसारी और सैफ अंसारी की चाल (Gait Analysis) का भी परीक्षण होना है. इसके लिए CFSL, नई दिल्ली समेत अन्य प्रयोगशालाओं से संपर्क किया गया है.
29 अक्टूबर को अदालत ने तीनों आरोपियों की पहचान परेड (TIP) कराने की अनुमति भी दी थी. इसमें संरक्षित गवाह के माध्यम से आरोपियों की पहचान कराई जानी है. इसके लिए 4 नवंबर की तारीख तय की गई थी. हालांकि, पहचान परेड से संबंधित रिपोर्ट और अन्य न्यायिक प्रक्रियाओं को पूरा किया जाना अभी बाकी बताया गया है.
बैंक खातों और UPI ट्रांजेक्शन की भी जांच
इस मामले में NIA केवल हमले की घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि कथित फंडिंग और आर्थिक लेन-देन की कड़ियां भी खंगाल रही है. जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि संदिग्ध बैंक खातों, NPCI से जुड़े भुगतान रिकॉर्ड, UPI ट्रांजेक्शन और खाताधारकों के KYC दस्तावेजों की जांच की जा रही है.जांच में संदीप कुमार (पिता भोपाली यादव) और अमन अंसारी की मां सफराना खातून से जुड़े बैंक खातों का भी उल्लेख किया गया है. प्रारंभिक जांच के आधार पर चार संबंधित बैंक खातों को डेबिट फ्रीज किया गया है. एजेंसी इन खातों में आए पैसे के स्रोत, उनके इस्तेमाल और आगे हुए ट्रांजेक्शन की कड़ियों का सत्यापन कर रही है. सफराना खातून द्वारा पेश किए गए मोबाइल और दो सिम कार्ड को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था. इसकी रिपोर्ट 1 सितंबर को प्राप्त हुई थी, जिसका विश्लेषण जारी है.
विदेशी संपर्कों और डिजिटल नेटवर्क की पड़ताल
NIA ने अपनी रिपोर्ट में विदेशी संपर्कों और भारत में मौजूद कथित मध्यस्थों से जुड़े सुराग मिलने की बात भी कही है. एजेंसी इन संपर्कों की पहचान, बातचीत के तरीके, वित्तीय लेन-देन और भूमिका की पुष्टि के लिए अलग-अलग एजेंसियों और सेवा प्रदाताओं से जानकारी जुटा रही है.इसके अलावा मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, CCTV फुटेज, WhatsApp चैट, सोशल मीडिया सामग्री, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इंटरनेट प्रोटोकॉल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है. जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिलीट किए गए डेटा की भी जांच हो रही है.
कोर्ट ने माना कि जांच के ये महत्वपूर्ण पहलू अभी अधूरे हैं और इनके लिए अतिरिक्त समय जरूरी है. इसी आधार पर तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत और जांच की अवधि 13 नवंबर 2026 से अगले 30 दिनों के लिए बढ़ाने का आदेश दिया गया है. फिलहाल NIA का पूरा जोर हमले की साजिश, आरोपियों की भूमिका, कथित वित्तीय मदद और विदेशी संपर्कों से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने पर है.
Also Read : झारखंड: पैनम कोल माइंस मामले में ACB को दो महीने की मोहलत, 21 जनवरी को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई


