जोहार लाइव ब्यूरो
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर गुरुवार सुबह नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. इस अभियान के तहत सांसद के घर के ठीक सामने फुटपाथ पर बने एक अस्थायी ढांचे को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया.
गुरुवार सुबह नगर निगम की टीम दल-बल के साथ कालीघाट पहुंची और फुटपाथ पर बांस से बनाए गए अस्थायी शेड को गिरा दिया. ढांचे को हटाने के तुरंत बाद निगम कर्मचारियों ने मौके से बांस और अन्य मलबा साफ करने का काम शुरू कर दिया, ताकि आम लोगों की आवाजाही के लिए फुटपाथ को पूरी तरह सुगम बनाया जा सके.
दिलीप घोष ने लगाया फुटपाथ कब्जे का आरोप
मंत्री दिलीप घोष ने गुरुवार सुबह मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘ममता बनर्जी का परिवार सरकारी सुविधाओं का सबसे बड़ा लाभार्थी है और उसने इनका सबसे ज्यादा दुरुपयोग किया है. उनके परिवार के सदस्यों ने फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कब्जा कर रखा है. ऐसा बहुत से नेताओं ने किया है. पहले भी बुलडोजर चला है और अभी भी चल रहा है.’ दिलीप घोष ने कहा कि पहले जब नेताओं के अवैध अतिक्रमण के ऊपर बुलडोजर कार्रवाई होगी तो आम लोग खुद अवैध कब्जे को छोड़ देंगे.
अभिषेक बनर्जी ने लगाया जासूसी का आरोप
X पर एक पोस्ट में अभिषेक बनर्जी ने लिखा, ‘कोलकाता के अधिकारी एक बार फिर सरकारी पुलिस वाहनों का इस्तेमाल मेरे आवास के आसपास निगरानी रखने और मुझ पर जासूसी करने के लिए कर रहे हैं. पिछले हफ्ते भी उन्होंने इसी तरह की रेकी (निगरानी) की थी, जिसके बाद 7 नवंबर को उपद्रवियों ने हमला कर दिया. चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. मुझे पूरी आशंका है कि एक और हमले की योजना बनाई जा रही है.’
हाई-प्रोफाइल इलाका होने के कारण इस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-1: 14वीं जेपीएससी में गड़बड़ी की बात पक्की, क्या कोर्ट से रद्द होगी परीक्षा?


