रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई. इसमें प्रदेश कांग्रेस की ओर से महासचिव सूर्यकान्त शुक्ला और महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव शामिल हुए.
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी के निरंतर प्रयासों के बाद चुनाव आयोग ने एसआईआर की निर्धारित समयसीमा बढ़ा दी है. आयोग के निर्देशानुसार 18 नवंबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की संयुक्त बैठक होगी. इसमें एएसडीडी सूची के कारण अब तक जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र भरने का अवसर दिया जाएगा.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 18 नवंबर को 5 अगस्त को प्रकाशित एएसडीडी सूची को दोबारा पढ़कर सुनाया जाएगा और उसका सत्यापन किया जाएगा. सूची से छूटे पात्र मतदाता फिर से फॉर्म भर सकेंगे. इसके अलावा लंबित नोटिसों की समीक्षा होगी और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भी भरा जाएगा. उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया के लिहाज से 18 नवंबर की तारीख बेहद महत्वपूर्ण है.
17.53 लाख मामलों का निष्पादन अब भी लंबित
शाहदेव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य में अभी भी कुल 17 लाख 53 हजार मामलों का निष्पादन होना बाकी है. इनमें 9 लाख नो-मैपिंग, 6 लाख 12 हजार तार्किक विसंगति और 2 लाख 15 हजार अन्य मामले शामिल हैं. इसके अलावा 26 हजार अन्य मामलों का भी निष्पादन लंबित है.
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की ओर से जमा किए गए आवेदनों का निपटारा भी बाकी है. इनमें फॉर्म-6 के 5 लाख 78 हजार, फॉर्म-7 के 1 लाख 35 हजार और फॉर्म-8 के 1 लाख आवेदन शामिल हैं. कांग्रेस ने चुनाव आयोग से सभी लंबित मामलों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निष्पादन करने की मांग की है.
18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवा भेजें जानकारी
कांग्रेस ने उन युवाओं और पात्र नागरिकों से भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की है, जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है.
ऐसे नागरिक अपना नाम, पूरा विवरण, विधानसभा क्षेत्र का नाम और मतदान केंद्र संख्या मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर 6200079297 पर भेज सकते हैं. शाहदेव ने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है.
Also Read : बिहार : विधायक मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन हड़पने के आरोप, तेज प्रताप यादव ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग


