रांची. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की चौपालों से भाजपा नेताओं की घबराहट साफ दिखाई देने लगी है. जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा घुसपैठियों का मुद्दा उठाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच चौपाल लगा रही है, जबकि भाजपा सत्ता के अहंकार में जनता को भाषण दे रही है. घुसपैठियों का राग अलापकर वास्तविक मुद्दों से भागना भाजपा की पुरानी राजनीतिक रणनीति है. जब जवाब देने की बारी आती है तो भाजपा नेता घुसपैठियों का डर दिखाकर अपनी नाकामी पर पर्दा डालने लगते हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को नहीं, बल्कि देश के वास्तविक नागरिकों के वोट को बचाने की लड़ाई लड़ रही है. भाजपा बताए कि अगर सब कुछ ठीक है तो लाखों मतदाताओं के नाम कटने की आशंकाओं पर उसकी जुबान क्यों बंद है? गरीब, मजदूर, आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों को अपने मताधिकार की चिंता करने का पूरा अधिकार है. क्या भाजपा चाहती है कि नागरिकों का वोट कट जाए और वे चुपचाप तमाशा देखते रहें?
देशभक्ति का प्रमाण बांटने का ठेका भाजपा के पास नहीं
सिन्हा ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमर बाउरी पहले यह बताएं कि यदि इस प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से हट जाता है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र को बदनाम करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को जवाबदेह बनाने की कोशिश है. भाजपा को हर सवाल का जवाब घुसपैठियों के नाम पर देने की आदत छोड़नी चाहिए. देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने का ठेका भाजपा ने नहीं लिया है.
उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस की चौपालों से इसलिए परेशानी है, क्योंकि वहां जनता सीधे सवाल पूछ रही है. मतदाता सूची में गड़बड़ी क्यों हो रही है? गरीब और वंचित नागरिक अपने वोट के लिए दर-दर क्यों भटकें? चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही क्यों नहीं सुनिश्चित की जा रही है? अमर बाउरी को इन सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि घुसपैठियों का डर दिखाकर जनता को बरगलाने की कोशिश करनी चाहिए.
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि एसआईआर की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी है तो भाजपा सार्वजनिक रूप से गारंटी दे कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का वोट नहीं कटेगा. भाजपा यह भी स्पष्ट करे कि गलत तरीके से मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी. केवल कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने से भाजपा अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती.
लोकतांत्रिक विरोध को राष्ट्रविरोध का चोला
सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा का असली एजेंडा जनता के सवालों का जवाब देना नहीं, बल्कि हर लोकतांत्रिक विरोध को राष्ट्रविरोध का चोला पहनाना है. कभी कांग्रेस को पाकिस्तान का डर दिखाया जाता है तो कभी घुसपैठियों का. संविधान के नाम पर भी उपदेश दिए जाते हैं, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर भाजपा के पास कोई ठोस जवाब नहीं है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चौपालें बंद नहीं होंगी और जनता के सवाल भी दबने वाले नहीं हैं. भाजपा घुसपैठियों का शोर मचाती रहे, कांग्रेस हर वास्तविक भारतीय नागरिक के मताधिकार की रक्षा करती रहेगी. लोकतंत्र किसी राजनीतिक पार्टी की जागीर नहीं है और मतदाता सूची किसी दल का निजी दस्तावेज नहीं है. वोट पर चोट होगी तो कांग्रेस सड़क से सदन तक मुकाबला करेगी.
सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि न फर्जी वोट चलने दिया जाएगा, न वास्तविक मतदाताओं के वोट कटने दिए जाएंगे और न ही लोकतंत्र पर किसी राजनीतिक दल का मनमाना पहरा चलने दिया जाएगा.
Also Read : झारखंड: छठ और बिरसा जयंती को लेकर खूँटी पुलिस अलर्ट, अफीम की खेती से लेकर मानव तस्करी तक पर सख्ती के निर्देश


